मुकेश अंबानी ने गुरुवायुर मंदिर में दर्शन किए, प्रस्तावित अस्पताल के लिए 15 करोड़ रुपये दान दिए

0
1762668302images_(9)

त्रिशूर (केरल), नौ नवंबर (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने रविवार को यहां गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर में दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और प्रस्तावित देवस्वओम मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल के लिए वित्तीय सहायता दी।

गुरुवायुर देवस्वओम ने अपने आधिकारिक ‘फेसबुक’ पेज पर अंबानी की यात्रा की जानकारी और तस्वीरें साझा कीं।

देवस्वओम के मुताबिक, अंबानी सुबह करीब 7:30 बजे हेलीकॉप्टर से गुरुवायूर पहुंचे। हेलीकॉप्टर श्रीकृष्ण कॉलेज मैदान पर उतरा।

इसके बाद वह सड़क मार्ग से मंदिर के दक्षिणी द्वार पर पहुंचे, जहां देवस्वओम के अध्यक्ष डॉ. वी. के. विजयन और अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

देवस्वओम ने बताया कि चूंकि सार्वजनिक अवकाश था और दर्शन पर विशेष प्रतिबंध थे इसलिए अंबानी ने 25 सदस्यों के लिए आयोजित ‘नेविलक्कु वझीपाडु’ कूपन के साथ मंदिर में प्रवेश किया।

इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रार्थना की, सोपानपदी (मंदिर की सीढ़ियों) पर प्रसाद चढ़ाया और मुख्य पुजारी से प्रसाद ग्रहण किया।

अनुष्ठान के बाद, विजयन ने अंबानी को मंदिर का प्रसाद और भगवान गुरुवायुरप्पन का एक स्मारक चित्र भेंट किया।

बाद में देवस्वओम के अधिकारियों ने अंबानी को प्रस्तावित मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल और मंदिर के हाथियों के लिए एक आधुनिक पशु चिकित्सालय की योजना के बारे में जानकारी दी।

देवस्वओम ने कहा कि अंबानी ने दोनों परियोजनाओं के लिए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया और अस्पताल के निर्माण के लिए प्रथम योगदान के रूप में 15 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।

मंदिर की यात्रा पूरी करने के बाद अंबानी सुबह करीब आठ बजे गुरुवायुर से रवाना हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *