नयी दिल्ली, आठ नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी को उनके जन्मदिन पर शनिवार को बधाई दी और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व सदस्य रेड्डी तेलुगु देशम पार्टी में एक दशक तक रहने के बाद 2017 में कांग्रेस में शामिल हुए थे।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गारू को जन्मदिन की बधाई। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।’’
तेलंगाना के तत्कालीन मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति के खिलाफ राज्य चुनावों में कांग्रेस को जीत दिलाने के बाद रेड्डी ने दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री का पद संभाला था।