मैसुरु, सात नवंबर (भाषा) जनता दल (सेक्युलर) नेता एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री नहीं बदला जाएगा क्योंकि कांग्रेस पार्टी के लिए सिद्धरमैया को बदलना आसान नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चूंकि सिद्धरमैया पहले जद(एस) में थे, इसलिए उन्हें और उनकी पार्टी के नेताओं को पता था कि वह क्या करने में सक्षम हैं, जो अन्य लोगों को नहीं पता।
दरअसल ऐसी अटकलें हैं कि इस महीने की 20 तारीख के बाद जब कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल के आधे पड़ाव पर पहुंच जाएगी तब राज्य में मुख्यमंत्री परिवर्तन हो सकता है। कुछ लोग इसे ‘‘नवंबर क्रांति’’ के रूप में संदर्भित कर रहे हैं।
कुमारस्वामी ने एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मुझे क्रांति में कोई विश्वास नहीं है, क्रांति के बारे में चर्चा चल रही है लेकिन मेरी राय में कोई क्रांति नहीं होगी।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी राय में मुख्यमंत्री में बदलाव नहीं होगा, उन्होंने कहा, ‘‘ कुछ नहीं होगा। वह (सिद्धरमैया) पहले हमारे साथ थे, दूसरे नहीं जानते कि वह क्या हैं। चूंकि वह पहले हमारे साथ थे इसलिए हम जानते हैं कि वह क्या करने में सक्षम हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस के लिए उन्हें हटाना आसान नहीं है। उनके बीच (कांग्रेस के भीतर) क्या बातचीत हुई है इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है।’’
सिद्धरमैया 2006 में पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की पार्टी जद(एस) से निकाले जाने के बाद कांग्रेस में शामिल हुए थे।
उप-मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर कुमारस्वामी ने कथित तौर पर उपहास करते हुए कहा, ‘‘ वह (शिवकुमार) हर रोज़ भगवान से इस बारे में चर्चा करते हैं कि उन्हें कब मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। यह उनके और भगवान के बीच का मामला है।’’
सिद्धरमैया ने हाल ही में कहा था कि वह कांग्रेस आलाकमान के फैसले के अधीन पूरे पांच साल तक पद पर बने रहेंगे।
शिवकुमार के इस बयान पर कि राज्य में क्रांति 2028 में ही होगी और कांग्रेस सत्ता में वापस आएगी, कुमारस्वामी ने कहा कि इस राज्य में पहले भी कई लोगों ने कहा है कि वे अगले दस या बीस साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे या सत्ता में रहेंगे।