जयपुर, 31 अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि सभी को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सरदार/150’ कार्यक्रम के तहत एकता मार्च को संबोधित कर रहे थे।
शर्मा ने कहा, ‘‘लौह पुरुष सरदार पटेल ने आजादी के बाद रियासतों का विलय कर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया था। उन्होंने देशवासियों के हृदय में ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना जगाई। उनका लक्ष्य ऐसा भारत बनाना था जो विविधता में एकता का प्रतीक हो, और यह विचार आज भी उतना ही प्रासंगिक है।’’
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आग्रह किया कि वे हर परिस्थिति में राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखें, ताकि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो सके।
एकता मार्च के तहत मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए गांधी चौराहे से अमर जवान ज्योति तक जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग देशभक्ति और एकता के नारों से गूंज उठा। आमजन ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का जेडीए तथा रामबाग चौराहे पर स्वागत-अभिनंदन भी किया।
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, खेल एवं युवा कार्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, विभिन्न जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल हुए। अमर जवान ज्योति पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया।
आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले दो वर्षों में 91 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। साथ ही, युवा उद्यमियों को 140 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में एक भी प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि वे पूरी मेहनत से तैयारी करें, सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने आमजन को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। इससे पहले उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और गांधी चौराहे स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए।