बिहार चुनाव में राजग के ‘विकास’ और महागठबंधन के ‘विनाश’ के बीच मुकाबला : नड्डा

0
fwqsw2qa

औरंगाबाद (बिहार), 23 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विकास और ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘विनाश’ के बीच की लड़ाई है।

औरंगाबाद जिले में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधा और उसे ऐसी ‘‘परजीवी पार्टी’’ बताया, जो अपने छोटे सहयोगी दलों को समाप्त कर देती है।

उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लालू प्रसाद की पार्टी ‘‘रंगदारी, जंगलराज और दबंगई’’ की प्रतीक है।

केंद्रीय मंत्री नड्डा ने महागठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता राजद और कांग्रेस के शासनकाल के इतिहास से अच्छी तरह वाकिफ़ है।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘वह दौर अराजकता, जंगलराज और विकास की राह में रुकावटों का दौर था, जिसने बिहार को दशकों पीछे धकेल दिया। आज ये दल फिर से सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता अब और भ्रमित होने वाली नहीं है। महागठबंधन सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए बनाया गया एक अपवित्र गठबंधन है, जो राज्य के लिए केवल विनाश लाएगा।’’

नड्डा ने तेजस्वी यादव द्वारा युवाओं को रोजगार देने और पलायन रोकने के वादे पर तंज कसते हुए कहा कि राजद की ऐसी घोषणाएं ‘‘भूमि के बदले नौकरी’’ घोटाले की याद दिलाती हैं।

उन्होंने राजद के इस चुनावी वादे की आलोचना की कि बिहार के हर परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी। नड्डा ने सवाल उठाया कि इसके लिए धन कहां से आएगा और वेतन कैसे दिया जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष ने राजद द्वारा बाहबुली रहे दिवंगत नेता मोहम्मद शाहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शाहाब को टिकट देने पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘राजद ने शाहाबुद्दीन के बेटे को मैदान में उतारा है,ऐसी पार्टी बिहार की जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेगी? लालू की राजद रंगदारी, जंगलराज और दबंगई की प्रतीक है।’’

राजद ने ओसामा शाहाब को सीवान जिले की रघुनाथपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को ‘‘जंगलराज’’ से मुक्त कराया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस चुनाव में मुकाबला ‘विकास’ और ‘विनाश’ के बीच है। बिहार की जनता जंगलराज को कभी नहीं भूल सकती। लालू प्रसाद के शासनकाल में लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा था, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार प्रगति की राह पर है।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “बहुत कम लोग जानते हैं कि मेरा जन्म पटना में हुआ था। मैंने अपने बचपन के 20 साल बिहार में बिताए। मैं अंधकार के उस युग को जानता हूं और मैं प्रकाश के इस युग को भी देखता हूं… आज, यह चुनाव स्पष्ट रूप से राजग के साथ ‘विकास’ और महागठबंधन के साथ ‘विनाश’ दिखाता है।”

नड्डा ने दावा किया कि राजग सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में राज्य के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने बिहार के रेल बजट में लगभग 10 गुना वृद्धि की है। हाल में शुरू की गई 44 वंदे भारत ट्रेनों में से 26 बिहार के लिए हैं।’’

उन्होंने यह भी बताया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने इस बार विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 12,000 कर दी है।

नड्डा ने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास की गति को बनाए रखने के लिए राजग के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने का सपना पूरा हो सके।

उन्होंने कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए ‘डबल इंजन’ की सरकार का रहना अपरिहार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *