अपने स्टाइलिश लुक और एक्टिंग से लोगों का दिल जीतते रहे एक्टर रणवीर सिंह आखिरी बार रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ (2024) में एसीपी संग्राम भालेराव के किरदार में नजर आए थे लेकिन अब बहुत जल्दी वह अपनी आने वाली फिल्मों के जरिए बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाते नजर आएंगे।
फिल्म ‘धुरंधर’ में संजय दत्त के साथ रणवीर सिंह एक बेहद खूंखार अवतार में नजर आएंगे। उम्मीद की जा रही है कि 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर सकती है। फिल्म में अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल भी होंगे।
इसके बाद रणवीर सिंह फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बैजू बावरा’ के लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में आएगी।
रोहित शेट्टी व्दारा निर्मित-निर्देशित रणवीर सिंह की फिल्म ‘सिम्बा’ को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला था। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर हिट थी. इसके बाद रोहित शेट्टी रणवीर सिंह के साथ फिल्म के दूसरे पार्ट की तैयारियों में जुटे हैं। यह फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में आ सकती है।
फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर रणवीर सिंह खासे सुर्खियों में हैं। फिल्म में रणवीर सिंह ने शाहरूख को रिप्लेस करते हुए लीड रोल हथिया लिया है। इस फिल्म में पहली बार कृति सेनन रणवीर सिंह के अपोजिट स्क्रीन शेयर करती हुई नजर आएंगी। यह फिल्म भी साल 2026 में रिलीज हो सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार सलमान खान और आमिर खान की फिल्म ‘अंदाज अपना-अपना’ के रीमेक में रणवीर सिंह का नाम सामने आ रहा है। यदि खबरें सच साबित हुईं तो रणवीर का कॉमेडी भरा अंदाज दर्शकों को देखने को मिल सकता है।
एक अरसे से फिल्म ‘शक्तिमान’ के लिए भी रणवीर सिंह का नाम सामने आ रहा है। रिपोर्ट्स के हवाले से फिल्म में रणवीर ही शक्तिमान का रोल निभाने जा रहे हैं हालांकि अभी तक इन खबरों पर किसी तरह का कोई ऑफिशियल कनर्फमेशन सामने नहीं आया है।