लखनऊ, 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश में गैर-कांग्रेसवाद की अलख जगाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वंचित वर्ग के हक में डॉ लोहिया का संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सदैव पथ प्रदर्शक रहेगा।
योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘‘सप्त क्रांति’ के सूत्रधार, प्रखर समाजवादी चिंतक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’
योगी ने कहा, ‘‘गरीब, किसान, श्रमिक और वंचित वर्ग के उत्थान एवं सामाजिक न्याय को लेकर आपका (लोहिया का) संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सदैव पथ प्रदर्शक रहेगा।’’
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’
मौर्य ने कहा, ‘‘डॉ. राम मनोहर लोहिया जी ने सशक्त लोकतंत्र की स्थापना हेतु अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर सामाजिक न्याय एवं समानता की एक अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की।’’
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर राजनीतिक चिंतक एवं समाजवादी राजनेता डॉ० राम मनोहर लोहिया जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।’’
डॉ लोहिया का जन्म 23 मार्च 1910 को हुआ था और उनका निधन 12 अक्टूबर 1967 में हुआ था। लोहिया एक स्वतंत्रता सेनानी और गांधीवादी विचारों को मानने वाले थे। उन्होंने वंचित समुदायों के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए मजबूती से काम किया और कांग्रेस के तत्कालीन आधिपत्य के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने का काम भी किया।