किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व का आईना उसका अपना चेहरा होता है और चेहरे का मुख्य आकर्षण होंठ और आंखें होती हैं। हर किसी के होंठों का आकार अलग होता है। लेखकों ने इसे संतरे की फांकों जैसा व गुलाब की पंखुड़ी जैसा कहा है। मोनिका के होंठ इतने आकर्षक हैं कि जब वह बोलती है तो सब उसके होंठों को देखते रह जाते हैं। कुछ तो प्राकृतिक रूप से उसके होंठ सुंदर हैं और कुछ उसके अपने हाथों का जादू, जो उसके होंठों को आकर्षण प्रदान करता है। होंठों का सौंदर्य लिपस्टिक द्वारा बढ़ाया जा सकता है परंतु तभी जब लिपस्टिक ढंग से लगाई गई हो वरना होंठों के बाहर फैली लिपस्टिक और दांतों पर लगी लिपस्टिक आपका सौंदर्य बढ़ाने की अपेक्षा आपका फूहड़पन दर्शाती है। लिपस्टिक लगाने से पहले अपने होंठों पर क्लींजिंग मिल्क रूई पर लगाकर मलें। इससे आपके होंठ साफ हो जाएंगे फिर फाउंडेशन क्रीम लगाकर कुछ देर सूखने के लिए छोड़ दें। सूखने पर लिपस्टिक लगानी शुरू करें। लिपस्टिक हमेशा अच्छी कंपनी की खरीदें। रंगों का चुनाव सावधानी से करें। किशोरियों को नेचुरल रंग की लिपस्टिक अच्छी लगती है। सांवले रंग पर नारंगी रंग की लिपस्टिक जंचती है। गोरे रंग पर लिपस्टिक का हर रंग अच्छा लगता है। गुलाबी रंग के वस्त्रों के साथ गहरी लाल या गुलाबी रंग और नारंगी रंग की पोशाक के साथ ब्राउन रंग की लिपस्टिक लगाएं। लिपस्टिक के रंग की जांच करने के लिए अपनी हथेली पर लगाकर देख लें। अब लिपस्टिक लगाने के लिए ब्रश की सहायता लें क्योंकि अच्छी लिपस्टिक ब्रश की सहायता से ही लगती है। ब्रश से पहले होंठों की बाहरी रेखा ध्यानपूर्वक खींचें। फिर बीच में लिपस्टिक भरें। पहले ऊपर के होंठ में और फिर निचले होंठ पर लिपस्टिक लगानी चाहिए। पहले हल्के रंग की और फिर गहरे रंग की लिपस्टिक लगाने से होंठों पर निखार आता है। पूरी लिपस्टिक लगाने के पश्चात् चमक के लिए लिप ग्लास लगाएं और सबसे बाद में अपने हांेठों पर सजाइए एक प्यारी सी मुस्कान। यह आपके होंठों में जादू सा आकर्षण भरती है और आपके सौंन्दर्य को द्विगुणित करती है।