इंफाल, चार अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन विधायक शनिवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वह केंद्र सरकार के नेताओं से मिलकर राज्य में लोकप्रिय सरकार के गठन पर जोर देंगे।
मणिपुर में फिलहाल राष्ट्रपति शासन लागू है।
सिंह तीनों विधायकों के साथ दोपहर लगभग डेढ़ बजे इंफाल से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
उन्होंने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हम केंद्रीय नेताओं को राज्य में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति से अवगत कराने जा रहे हैं। हम उन्हें एक लोकप्रिय सरकार के गठन, आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) से संबंधित मुद्दों और राजमार्ग से जुड़े मामलों के बारे में भी जानकारी देना चाहते हैं।’’
सिंह के साथ दिल्ली की यात्रा कर रहे भाजपा विधायक थोंगम रोबींद्रो ने कहा, ‘‘कुछ विधायक केंद्रीय नेताओं से मिलने जा रहे हैं।’’
इस यात्रा के दौरान मणिपुर के पूर्व मंत्री सपाम रंजन और हेइखम डिंगो भी सिंह के साथ हैं।
पार्टी सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चारों नेता भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा से मुलाकात करेंगे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत समेत अन्य विधायकों के भी आने वाले दिनों में दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है।