नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यहां कहा कि सरकारी अधिकारियों को कुशलतापूर्वक काम करने और लोगों की समस्याओं का संवेदनशील तरीके से समाधान करने के लिए खुद को नवीनतम तकनीकों और प्रौद्योगिकी से लैस करना चाहिए।
राजस्व विभाग के तहसीलदारों और उप पंजीयकों के लिए यहां आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षण अधिकारियों के साथ-साथ नेताओं के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली सरकार में अधिकारियों के प्रशिक्षण की कोई व्यवस्था नहीं रही है। इस प्रशिक्षण के बाद तहसीलदार और उप-पंजीयक लोगों की अधिक कुशलता से सेवा कर सकेंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए भी निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा, ‘‘बेहतर शासन और जन शिकायतों के निवारण के लिए अधिकारियों को नवीनतम प्रणालियों और तकनीकों से लैस करना ज़रूरी है।’’
गुप्ता ने अधिकारियों से लोगों से जुड़े रहने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया।