कोलकाता, दो अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बनर्जी ने गांधी को एक ऐसा महान नेता बताया जिनका नाम इतिहास के पन्नों में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ साझा कर शांति एवं अहिंसा की राष्ट्रपिता की शिक्षाओं को याद किया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारे देश के महान नेता महात्मा गांधी का नाम इतिहास के पन्नों पर स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।’’
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों में धार्मिक सहिष्णुता, शांति एवं सद्भाव का आह्वान करने वाली गांधीजी की प्रार्थना ‘ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’ का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, ‘‘उनका (गांधी का) अहिंसा का संदेश, शांति का संदेश, एकता का संदेश, सद्भाव का संदेश सदा स्मरण किया जाता रहेगा।’’
बनर्जी ने ‘‘खासकर बढ़ते विभाजन के दौर में’’ इस संदेश को याद रखने और उसे बरकरार रखने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने नागरिकों से गांधी की शिक्षाओं पर चिंतन करने का आग्रह करते हुए लिखा, ‘‘हम विशेष रूप से आज इन शब्दों को याद करते हैं और सभी से उन्हें स्मरण रखने का अनुरोध करते हैं।’’
राज्यपाल ने उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर स्थित गांधी घाट पर आयोजित कई स्मृति कार्यक्रमों में भाग लेकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।
बोस ने कोलकाता में मेयो रोड स्थित गांधी प्रतिमा पर भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गांधी को ‘‘शांति, सत्य और अहिंसा का शाश्वत दूत’’ बताया।
उन्होंने कहा कि गांधी के आदर्श याद दिलाते हैं कि किसी राष्ट्र की असली ताकत नैतिक साहस, एकता और सद्भाव में निहित है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘संघर्ष और मतभेदों से त्रस्त दुनिया में आज भी उनका संदेश भविष्य के लिए दिशा दिखाने वाले प्रकाश का काम करता है।’’
उन्होंने देशवासियों से समावेशी, मानवीय और न्यायपूर्ण भारत के गांधी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।