मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा है कि आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के लिए सीट आवंटन में चुनावी योग्यता एक महत्वपूर्ण कारक होगी।
शिवसेना के शाखा प्रमुखों को रविवार को संबोधित करते हुए शिंदे ने यह भी कहा कि महायुति की सामूहिक जीत अधिक महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि महायुति के सीट-बंटवारे समझौते के दौरान शिवसेना को उचित सम्मान दिया जाएगा।
महायुति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं।
शिंदे ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण नहीं है कि किसे कितनी सीटें मिलती हैं। महत्वपूर्ण बात चुनावी योग्यता है, जो सीटें तय करने में महत्वपूर्ण होगी।’’
उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 के अंत तक होने वाले निकाय चुनावों से पहले शिवसेना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रवार बैठकें कर रही है।
शिंदे ने कहा कि शिवसेना के महत्वपूर्ण अंग शाखा प्रमुख काम की प्रकृति से अच्छी तरह वाकिफ हैं, उन्हें लोगों के मुद्दों को समझने के लिए उनके साथ बातचीत करनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीएमसी पर भगवा झंडा फहराएगा।
उन्होंने शिवसेना कार्यकर्ताओं से 2022 से 2024 तक उनके नेतृत्व वाली पिछली सरकार द्वारा किए गए कार्यों और मौजूदा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के योगदान के बारे में जनता के बीच जागरूकता फैलाने को कहा।
शिवसेना नेता ने कहा कि मुंबई के लोग काम करने वालों को पसंद करते हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि वे चुनाव हारने के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), न्यायपालिका और निर्वाचन आयोग को दोषी ठहराते हैं।