गुवाहाटी, 28 सितंबर (भाषा) असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को राज्य के लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की शाश्वत विजय का उत्सव है।
उन्होंने कहा, “जब दिव्य मां हमें आशीर्वाद देने के लिए अवतरित होती हैं, तो वह अपने साथ शक्ति, करुणा और अटूट विश्वास का सार लेकर आती हैं।”
राज्यपाल ने कहा, “मां दुर्गा शक्ति का स्वरूप हैं और वह लोगों को जीवन की चुनौतियों का सामना साहस और धर्मनिष्ठा के साथ करने में समर्थ बनाती हैं।”
आचार्य ने इस बात पर जोर दिया कि यह त्योहार न केवल भक्ति और आध्यात्मिक चिंतन का अवसर है, बल्कि एकता, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का भी उत्सव है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह त्योहार समाज के सभी वर्गों के बीच मैत्री, शांति और सार्वभौमिक भाईचारे के बंधन को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा, “यह दुर्गा पूजा मां दुर्गा की दिव्य और आध्यात्मिक शक्ति के ध्यान का अवसर बने और हमें उसी के अनुरूप सशक्त बनाए। उनका आशीर्वाद हमारे जीवन से सभी बाधाओं को दूर करे और हर किसी को आनंद, शांति और समृद्धि दे।”
मुख्यमंत्री शर्मा ने राज्य के कल्याण की कामना करते हुए कहा कि देवी दुर्गा के वार्षिक प्रवास के साथ ही उत्सव शुरू हो गया है।