पीएम मोदी के मिशन को जन-जन तक पहुंचाएगा पर्यावरण मंत्रालय, 2023 से शुरू होगा अभियान : यादव

नई दिल्ली, पर्यावरण मंत्रालय (Ministry of Environment) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के लाइफ मिशन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। यह जानकारी पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दी है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय प्रधानमंत्री के मिशन के अनुसार पर्यावरण सहयोगी जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करेगा। इसके लिए 2023 से अभियान शुरू किया जाएगा।
पीएम मोदी ने अक्टूबर 2020 में मिशन को किया लांच
भूपेंद्र यादव ने यह बात 15 दिन चले अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण सम्मेलन में भाग लेकर लौटने के बाद कही है। पीएम मोदी ने यह मिशन संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस की उपस्थिति में अक्टूबर 2020 में लांच किया था। मिस्त्र में हाल ही में हुए पर्यावरण सम्मेलन में पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली की अवधारणा को कई देशों के प्रतिनिधियों ने बहुत पसंद किया और उसे प्रयोग में लाने की इच्छा जताई।
प्रधानमंत्री के मिशन को बनाया जाएगा लोकप्रिय
पर्यावरण मंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री के मिशन को अब देश में लोकप्रिय बनाया जाएगा। इसके लिए नीति आयोग एक कार्यक्रम तैयार कर रहा है जिसमें निष्प्रयोज्य वस्तुओं के पुन: प्रयोग के तरीके बताए जाएंगे। साथ ही पानी और बिजली की खपत कम करने के सुझाव दिए जाएंगे।
प्रदूषण होगा कम
उन्होंने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने से प्रदूषण कम होगा और पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वैसे संयुक्त राष्ट्र और नीति आयोग इस दिशा में प्रयासों में पहले से ही लगे हुए हैं।