चंडीगढ़, 13 सितंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित 2,300 गांवों में सफाई अभियान चलाया जाएगा जिसके लिए 100 करोड़ रुपये की राशि तय की गई है।
मान ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार प्रत्येक गांव को एक जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और श्रमिक उपलब्ध कराएगी। बाढ़ से गांवों में आई रेत और पेड़ों समेत अन्य मलबा हटाया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत में प्रत्येक गांव को एक लाख रुपये प्रारंभिक राशि के तौर पर दिए जाएंगे। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त धन उपलब्ध कराया जाएगा। यह अभियान 25 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे और 550 एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य कर्मियों को पंचायत भवनों, धर्मशालाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में तैनात किया जाएगा।
मान ने कहा कि ताजा रिपोर्ट के अनुसार हालिया बाढ़ से 713 गांवों में 2.60 लाख पशु प्रभावित हुए हैं। बीमारियां फैलने से रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि धान की खरीद 16 सितंबर से शुरू होगी और बाढ़ से प्रभावित मंडियों की मरम्मत 19 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी।