चंडीगढ़, चार सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के अपने तय दौरे से पहले बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सूत्रों के अनुसार मान बुखार से पीड़ित हैं। केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर मान से मुलाकात की।
इसके बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कपूरथला जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सुल्तानपुर लोधी का दौरा किया और राज्य में चलाए जा रहे राहत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत भी की।
केजरीवाल बुधवार शाम को पंजाब पहुंचे थे।
पंजाब इस समय दशकों की सबसे भीषण बाढ़ आपदा का सामना कर रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियां तथा नाले उफान पर हैं, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है।
पंजाब में भारी वर्षा ने हालात और गंभीर कर दिए हैं, जिससे प्रभावित लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक बाढ़ से 37 लोगों की मौत हो चुकी है और 3.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 1.75 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।