
नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) देश-विदेश में कहीं कोई धरना प्रदर्शन हो तो आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करना आजकल एक सामान्य घटनाक्रम है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में सबसे पहले आंसू गैस के गोले कब छोड़े गए। दरअसल वह 20 मई 1965 का दिन था, जब ब्रिटेन की पुलिस को प्रदर्शनकारियों और शांति भंग करने पर आमादा लोगों के खिलाफ आंसू गैस के गोले छोड़ने की इजाजत दी गई।
अन्य घटनाओं की बात करें, तो यह दिन अंतरिक्ष इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण घटना के साथ दर्ज है। 20 मई 1990 को हबल स्पेस टेलीस्कोप ने पहली बार अंतरिक्ष की तस्वीरें धरती पर भेजी थीं।
इसके साथ ही ब्रिटेन के बकिंघमशायर के व्यवसायिक शहर हाई वायकॉम में मेयर को सार्वजनिक तौर पर तौलने की एक मजेदार मध्यकालीन परंपरा का निर्वाह भी इसी दिन किया गया। दरअसल यहां एक बहुत पुरानी प्रथा के तहत समय समय पर मेयर के वजन की जांच करके यह पता लगाया जाता है कि कहीं उनका वजन तो नहीं बढ़ रहा है और अगर वजन बढ़े तो इसे करदाताओं के पैसे में हेरफेर का परिणाम माना जाता है।
20 मई 2024 को ईरान के उत्तर-पश्चिम स्थित पहाड़ी क्षेत्र में खराब मौसम की वजह से हुए हेलीकॉप्टर हादसे में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री और अन्य लोग दुर्घटनास्थल पर मृत पाए गए । पश्चिम एशिया में इजराइल-हमास युद्ध के कारण अशांति के दौरान 63 वर्षीय रईसी ने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व में अप्रैल 2024 में इजराइल पर अभूतपूर्व तरीके से ड्रोन और मिसाइल से हमला किया था।
रईसी के कार्यकाल के दौरान, ईरान ने करीब करीब हथियार-स्तर के यूरेनियम का संवर्धन किया। इसकी वजह से ईरान का पश्चिम के साथ तनाव और बढ़ गया क्योंकि तेहरान ने यूक्रेन में युद्ध के लिए रूस को बम ले जाने वाले ड्रोन भी दिए और पूरे क्षेत्र में मिलिशिया समूहों को हथियारों से लैस किया।
20 मई 2023 में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और हॉकी ओलंपियन ब्रायन बूथ ने 89 वर्ष की उम्र में सिडनी में अंतिम श्वांस ली। बूथ ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 29 टेस्ट मैच खेले जिनमें से दो मैचों में वह कप्तान भी रहे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में पांच शतक लगाए। वह 1960 के दशक के शुरुआती वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के महत्वपूर्ण सदस्य थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 42.21 की औसत से 1773 रन बनाए। इसके साथ ही बूथ ने 1956 में मेलबर्न में खेले गए ओलंपिक खेलों में ऑस्ट्रेलिया की हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व भी किया था।
देश दुनिया के इतिहास में 20 मई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1293 : जापान के कामाकुरा में आए भूकंप में 30 हजार लोगों की मौत।
1378 : बहमनी सुलतान दाऊद शाह की हत्या।
1421 : दिल्ली के पहले सैयद शासक खिज्र खान की मौत।
1609: विलियम शेक्सपियर की कविताओं के पहले संग्रह का लंदन में प्रकाशन।
1873: सान फ्रैंसिस्कों के कारोबारी लेवी स्ट्रॉस और दर्जी जेकब डेविस को जीन्स का पेटेंट मिला।
1891 : थॉमस एडिसन के प्रोटोटाइप काइनेटोस्कोप को नेशनल फेडरेशन के सामने पहली बार सार्वजनिक रूप से पेश किया गया।
1902 : क्यूबा को अमेरिका से आजादी मिली।
1927 : सऊदी अरब को ब्रिटेन से आजादी मिली।
1932 : अंग्रेजों के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंकने वाले बिपिन चंद्र पाल का निधन।
1965 : कमांडर एम एस कोहली के नेतृत्व में पहला भारतीय दल एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने में कामयाब रहा।
1965 : ब्रिटिश पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आंसू गैस के गोले छोड़ने की अनुमति मिली।
1972 : इंदिरा गांधी ने दूसरे हावड़ा ब्रिज की आधारशिला रखी।
1990 : हबल स्पेस टेलीस्कोप ने अंतरिक्ष से पहली तस्वीरों भेजी।
1995 : रूस ने मानव रहित अंतरिक्ष यान का सफल प्रक्षेपण किया।
1998 : मल्टीबैरल रॉकेट प्रणाली ‘पिनाका’ का परीक्षण।
2003 : पाकिस्तान ने उग्रवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन पर प्रतिबंध लगाया।
2021 : अफगानिस्तान में हजारा समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर हमला, 13 लोगों की मौत।
2022 : असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, सात लाख से अधिक प्रभावित।
2022 : भारत के प्रथम पूर्ण खगोल मिशन एस्ट्रोसैट ने ब्लैकहोल के 500वीं बार निर्माण होने का पता लगाया।
2024 : ईरान के उत्तर-पश्चिम स्थित पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हुए राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन और ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर एवं अन्य अधिकारी और अंगरक्षक दुर्गम पहाड़ी पर अजरबैजान-ईरान सीमा से करीब 20 किलोमीटर दक्षिण में मृत पाए गए।