ट्रंप ने चीन पर शुल्क को घटाकर 80 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा

0
68179f8f3df87-donald-trump-and-xi-jinping-04103394-16x9

वॉशिंगटन, नौ मई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर लगे सीमा शुल्क को घटाकर 80 प्रतिशत करने का शुक्रवार को प्रस्ताव रखा है। इसे दोनों देशों के बीच छिड़े व्यापार युद्ध को कम करने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

दोनों देशों के बीच सप्ताहांत में होने वाली बैठक से पहले शुल्क में कटौती का यह कदम उठाया गया है।

अमेरिकी के शीर्ष अधिकारी इस सप्ताह के अंत में स्विट्जरलैंड में चीन के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करने वाले हैं। व्यापार युद्ध शुरू होने के बाद दोनों देशों के बीच यह पहली बड़ी वार्ता होगी।

आयात पर उच्च शुल्क लगाने के ट्रंप के फैसले के बाद चीन ने भी जवाबी कदम उठाए और दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध जैसी स्थिति बन गई।

ट्रंप के शुल्क लगाने के बाद अप्रैल में चीन ने भी जवाब में अमेरिका पर शुल्क लगाने की घोषणा की थी। अब चीन के खिलाफ अमेरिका का शुल्क 145 प्रतिशत है जबकि अमेरिका पर चीन ने 125 प्रतिशत शुल्क लगा रखा है।

ट्रंप प्रशासन ने मंगलवार को घोषणा थी की कि वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर जिनेवा में अपने समकक्षों से मिलेंगे। यह पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच सबसे वरिष्ठ स्तर की बातचीत होगी।

चीन से आयात पर सीमा शुल्क घटाने का फैसला अमेरिका में उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों व आपूर्ति पर शुल्क के प्रभाव को लेकर बढ़ती चिंता के बीच किया गया है।

अमेरिका के व्यापार युद्ध से दुनिया के सबसे बड़े निर्यातक और दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन को सर्वाधिक नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *