बेंगलुरु, 26 अप्रैल (भाषा) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आगामी चंद्रयान-4 मिशन के संदर्भ में चंद्र नमूना विज्ञान के संभावित पहलुओं पर चर्चा के लिए एक राष्ट्रीय बैठक की। इसरो ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस मिशन का उद्देश्य चंद्रमा से नमूने पृथ्वी पर लाना है।
इसरो ने बताया कि 16 अप्रैल को की गई इस बैठक में उल्कापिंड के नमूनों, स्थलीय एनालॉग एवं चंद्र मृदा का विश्लेषण करने वाले चंद्रमा विज्ञान समुदाय ने भाग लिया।
अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि प्रतिभागियों में लगभग 50 वैज्ञानिक शामिल थे जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत देश भर के 12 अनुसंधान और शैक्षणिक संस्थानों (अंतरिक्ष विभाग के बाहर) से थे।
इसरो के वैज्ञानिक सचिव एम गणेश पिल्लई ने कार्यक्रम के दौरान चंद्रयान-4 मिशन के संदर्भ में राष्ट्रीय बैठक के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मिशन भारत के चंद्र अन्वेषण कार्यक्रम में एक प्रमुख मील का पत्थर है।