
वायनाड (केरल), 27 मार्च (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें केरल में पंचायतों के काम करने के तरीके पर गर्व है। वायनाड से सांसद ने कहा कि उन्होंने खुद देखा है कि पिछले साल पहाड़ी जिले में भूस्खलन के बाद पंचायतों ने कितनी कुशलता से काम किया।
वाद्रा ने कहा कि पिछले साल भूस्खलन के बाद जब वह यहां आईं तो उन्होंने देखा कि पंचायत सदस्य ‘‘तबाही, दर्द और पीड़ा के बीच’’ किस ‘‘कुशलता, समर्पण और प्रतिबद्धता’’ के साथ काम कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे किस राजनीतिक दल से थे। हर एक व्यक्ति उन आपदा पीड़ितों की मदद करने में जुटा था, जिन्होंने अपने प्रियजनों, घरों और आजीविका को खो दिया था। मेरे लिए, यह वायनाड के लोगों के साहस, शक्ति और लचीलेपन की पहली झलक थी।’’
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने 1980 के दशक में पंचायती राज अधिनियम लाया था, ताकि लोकतंत्र को देश के हर गांव और घर तक पहुंचाने के महात्मा गांधी के सपने को पूरा किया जा सके।
वायनाड से सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्र के तीन-दिवसीय दौरे पर आईं हैं। वह ‘आकांक्षी जिला कार्यक्रम’ की पुरस्कार राशि से वित्त-पोषित कई परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
इन परियोजनाओं में स्मार्ट आंगनवाड़ी (अंगादिसिरी), सिट्टिटुकुन्नु लिफ्ट सिंचाई परियोजना और इरीथिलोट्टुकन्नू चेक डैम शामिल हैं।
वाद्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत सदस्यों की कार्यप्रणाली को उन्होंने दूसरी बार वायनाड लोकसभा उपचुनाव के दौरान देखा था। उन्होंने कहा, ‘‘उनमें से प्रत्येक व्यक्ति अपने राजनीतिक झुकाव से इतर, पूर्ण समर्पण के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूरी तल्लीनता से शामिल था।’’
वाद्रा ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे समाज और लोकतंत्र को संभालती हैं तथा अगली पीढ़ी का पालन-पोषण करती हैं, उन्हें अच्छे मूल्य सिखाती हैं तथा सही रास्ता दिखाती हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आशा) और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के रूप में काम करने वाली महिलाओं की समस्याओं से अवगत हैं और उन्हें आश्वासन दिया कि केरल के सभी सांसद सामूहिक रूप से यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि उनको वह वेतन मिले जिसके वे हकदार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हमारे सामूहिक प्रयासों से आपके मानदेय में वृद्धि होगी।’’
वाद्रा ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत काम करने वाले श्रमिकों की मजदूरी के भुगतान में देरी सहित विभिन्न समस्याओं को सांसदों द्वारा संसद में उठाया गया।
प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को सिंचाई और चेक डैम परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने इनका उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उस क्षेत्र के धान किसानों के लिए उचित सिंचाई सुविधाएं सुनिश्चित होंगी, जहां जलवायु परिवर्तन के कारण अनियमित वर्षा होती है।
प्रियंका गांधी वाद्रा अपनी तीन-दिवसीय यात्रा के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी, जिनमें एलस्टोन एस्टेट, कलपेट्टा में मुंदक्कई-चूरलमाला भूस्खलन के बचे लोगों के लिए प्रस्तावित टाउनशिप की आधारशिला रखना भी शामिल है।
प्रियंका सुबह विमान के जरिये कन्नूर पहुंची और वहां से सड़क मार्ग से वायनाड पहुंची।
वह दोपहर डेढ़ बजे सुल्तान बाथरी के मीनांगडी में ग्राम पंचायत सामुदायिक भवन में ‘वनिता संगमम’ का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद अपराह्न ढाई बजे कलपेट्टा के डब्ल्यूएमओ मुत्तिल में ‘एक स्कूल, एक खेल’ परियोजना का उद्घाटन करेंगी।