झारखंड : केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के लिए कांग्रेस विधायक दिल्ली रवाना

0
azsdfghjyuikjh

रांची, पांच फरवरी (भाषा) कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव उपरांत घटनाक्रम पर राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा के लिए बुधवार को दिल्ली रवाना हुआ।

इस प्रतिनिधिमंडल में विधायक और राज्य सरकार में पार्टी के मंत्री शामिल हैं।

पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ झारखंड के नेताओं की बैठक होगी।

कांग्रेस ने एक बयान में बताया कि पहले यह बैठक बृहस्पतिवार को होनी थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे सात फरवरी के लिए पुनर्निर्धारित कर दिया गया।

कांग्रेस प्रवक्ता सोनल शांति ने बताया, ‘‘बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों, विशेषकर आगामी बजट, नगर निकाय चुनाव और अपने मंत्रियों के प्रदर्शन पर चर्चा की जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ यह पहली औपचारिक बैठक होगी।

शांति ने बताया, ‘‘चुनाव के दौरान झारखंड की जनता से किए गए वादों और गारंटी के कार्यान्वयन के बारे में राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता देने का एक बड़ा वादा पहले ही पूरा किया जा चुका है।’’

उन्होंने कहा कि झारखंड में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी की रणनीतियों पर भी चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने हाल ही में मुख्यमंत्री से राज्य में निकाय चुनाव पार्टी आधार पर कराने का आग्रह किया था।

राज्य में शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव पार्टी चिह्न के बिना आयोजित किए जाते रहे हैं। झारखंड में शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव अप्रैल 2023 से लंबित हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य में जाति आधारित जनगणना कराने के लिए बजट में अलग से प्रावधान की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *