हिमंत ने सैनी को हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी

0

गुवाहाटी, 17 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बृहस्पतिवार को नायब सिंह सैनी को बधाई दी।

सैनी ने पंचकूला में आयोजित एक समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता तथा राज्य के हजारों लोग शामिल हुए।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि असम के लोगों की ओर से हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर नायब सिंह सैनी तथा उनके नव नियुक्त मंत्रिमंडल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए शर्मा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है।

उन्होंने कहा, “मैं मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि वे आपको राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आशीर्वाद दें।”

शर्मा ने सैनी और पूर्वोत्तर के अन्य मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिनमें अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, नगालैंड के मुख्यमंत्री नीफियू रियो, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा शामिल हैं। इस तस्वीर के साथ शीर्षक दिया गया है, “टीम पूर्वोत्तर इस समय के अहम व्यक्ति के साथ।”

सैनी और उनकी पत्नी सोमवार को कामाख्या मंदिर में पूजा करने के लिए गुवाहाटी आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *