एक्ट्रेस मोना सिंह ने छोटे पर्दे से लेकर सिनेमाई बड़े पर्दे तक अपनी शानदार एक्टिंग से ऑडियंस को प्रभावित करते हुए एक अलग पहचान बनाई है। किरदार चाहे छोटा हो या बड़ा लेकिन वह उसमें जान फूंक देती हैं।
प्राइम वीडियो पर रिलीज फिल्म ‘सूबेदार’ (2026) में बबली दीदी के रूप में, मोना सिंह एक ऐसी अनप्रिडिक्टेबल महिला के किरदार में हैं जिसे अपराध विरासत में मिला है।
वह जेल से अवैध रेत खनन का साम्राज्य चलाते हुए सूबेदार अर्जुन मौर्य का किरदार निभा रहे अनिल कपूर को लगातार अपनी उंगलियों पर नचाती हैं।
इस सीरीज में मोना सिंह का अवतार ऐसा है जो दर्शकों ने इसके पहले कभी नहीं देखा। इसके पहले मोना सिंह इसी साल प्रदर्शित सुपर हिट फिल्म ‘बोर्डर 2’ (2026) में सिमी के किरदार में नजर आई थीं।
8 अक्टूबर 1981 को चंडीगढ़ के एक सिख परिवार में पैदा हुई मोना सिंह के पिता सेना अधिकारी थे। लगातार तीन वर्षों तक प्रसारित होने वाले टीवी सीरियल ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ (2003-2006) से अपने एक्टिंग करियर की शुरूआत करने वाली मोना सिंह इसके बाद रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 1’ (2006) और ‘एक खिलाड़ी एक हसीना’ (2008) में हिस्सा लिया और इन शोज की विनर बनी।
राजकुमार हिरानी निर्देशित फिल्म ‘3 इडियट्स’ (2009) में करीना कपूर की बहन मोना सहस्त्रबुद्धे की सहायक भूमिका के साथ मोना सिंह को हिंदी सिने जगत में अपने कैरियर की शुरुआत करने का अवसर मिला। इसके बाद उनके एक्टिंग करियर की गाड़ी काफी तेजी के साथ चल निकली।
एक तरफ वे ऊट पटांग’ (2011), ‘जेड प्लस’ (2014) और ‘अमावस’ (2019) ‘लाल सिंह चड्ढा’ (2022) और ‘मुंज्या’ (2024) जैसी फिल्मों में दिखाई दीं तो दूसरी तरफ ‘एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा’ (2009), ‘झलक दिखला जा 4’ (2010), ‘शादी 3 करोड़ की’ (2010), ‘क्या हुआ तेरा वादा’ (2012-2013) ‘इतना करो न मुझे प्यार’ (2015) और ‘पुष्पा इंपोसिबल’ (2022) जैसे शोज उन्हें मिलते गए।
फिल्म ‘लाल सिंह चडढा’ (2022) में वह उम्र में 17 साल बड़ें आमिर खान की मां के किरदार में थीं लेकिन उम्र के इस गैप को उन्होंने अपनी लाजवाब अदाकारी के बल पर खटकने नहीं दिया। हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘मुंज्या’ (2024) में भी वह मां के किरदार में थीं।
मोना सिंह ने ‘कहने को हमसफ़र हैं’ (2018-2020) में अनन्या के किरदार के साथ ओटीटी पर कदम रखा। इसके बाद वह जी 5 और अल्ट बालाजी की वेब सिरीज ‘एमओएम: मिशन ओवर मार्स’ (2019) में नजर आईं।
आर्यन खान के निर्देशन में बनी 6 एपिसोड वाली वेब सीरीज ‘द बैडस ऑफ बॉलीवुड’ (2025) में मोना सिंह ने छोटे से किरदार में ऑडियंस का दिल जीत लिया।
इन दिनों मोना सिंह, मध्य भारत में अवैध अफीम तस्करी की पृष्ठभूमि पर आधारित गैंगस्टर ड्रामा सीरीज ‘पान पर्दा जर्दा’ में बिजी हैं। इसे जियो स्टूडियोज ने रिलायंस एंटरटेनमैंट और ड्रीमर एंड डूअर्स कंपनी के सहयोग से बनाया जा रहा है।
इस सीरीज में मोना के अपोजिट राजेश तैलंग, प्रियांशु पेन्युली और तान्या मानिकतला जैसे कई शानदार एक्टर्स नजर आएंगे।
