दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन

0
dcf2wqsa

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) दिग्गज गायिका और संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।

उनका इलाज करने वाले चिकित्सकों की टीम में शामिल डॉ. प्रतीत समदानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कुछ मिनट पहले उनका निधन हो गया। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।’’

भोसले को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने एक मीडिया पोस्ट में यह जानकारी साझा की थी।

आठ दशकों से अधिक लंबे करियर में आशा भोसले अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने रोमांटिक गीतों से लेकर गजलों तक कई यादगार नगमे गाए। साथ ही कई ऐसे गीत भी गाए जिन्होंने लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया।

उनके लोकप्रिय गीतों में ‘अभी न जाओ छोड़ कर’, ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दिल चीज क्या है’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दुनिया में लोगों को’ और ‘जरा सा झूम लूं मैं’ जैसे गाने शामिल हैं।

भोसले ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए और पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी।

उन्होंने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘आशा90: लाइव इन कॉन्सर्ट’ में प्रस्तुति दी थी।

भोसले, दिग्गज गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *