साफ-सुथरे, कटे हुए शेप वाले नाखून सभी का मन मोह लेते हैं। नाखूनों की साज संवार दर्शाती है कि आप कितने जागरूक हैं अपनी सफाई और सुन्दरता के प्रति। वैसे यही नाखून आपके स्वास्थ्य पर अच्छा व बुरा प्रभाव डालते हैं। खाना बनाने से लेकर खाना खाने तक नाखून महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि आपके नाखूनों में गंद भरा हुआ है तो वह आपके भोजन के साथ अंदर जायेगा जिससे स्वास्थ्य पर कुप्रभाव पड़ सकता है। पेट में संक्रमण हो सकता है। यदि आप नाखूनों की सही देखभाल करेंगे तो भोजन के साथ गंदे कीटाणु अंदर नहीं जायेंगे जिससे आपका स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा और हाथ भी देखने में सुन्दर लगेंगे जिससे आपके व्यक्तित्व में और निखार आएगा। बढ़े हुए नाखून गंदे भी लगते हैं और मैल जमा होने से बीमारी पनपने में सहायक भी होते हैं। नाखूनों को अधिक न बढ़ने दें। समय समय पर उन्हें काटते रहें। नाखून काटने के बाद फाइल अवश्य करें ताकि नाखून का कोई कोना चुभे नहीं। नाखून काटने के उपरांत उंगलियों को थोड़ी देर के लिए गर्म पानी में रखें ताकि नाखूनों के आस पास की मृत त्वचा नर्म पड़ जाए जिसे बाद में ब्रश की सहायता से निकाला जा सके। यदि मृत त्वचा को न निकाला जाए तो नाखूनों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और उनमें इन्फेक्शन हो जाता है और मवाद पड़ सकता है। गंदे नाखूनों में फंगस होने का खतरा बढ़ जाता है जिससे नाखून जल्दी टूटते हैं और नए नाखून टेढ़े मेढ़े आते हैं। फंगस इन्फेक्शन होने पर डॉक्टर को दिखा कर समय पर ही इलाज करवायें। नाखूनों की अच्छी सेहत के लिए अपना खाना पीना संतुलित रखें। संतुलित आहार में कैल्शियम और विटामिन बी 12 को महत्त्वपूर्ण स्थान दें। दूध-दही को अपने प्रतिदिन के आहार में शामिल करें। दांतों से नाखूनों को कभी मत कुतरें। एक तो यह गंदी आदत है, दूसरा इससेे शरीर में बीमारी फैलने में सहायता मिलती है। बढ़े हुए गंदे नाखूनों से पेट दर्द, बदहजमी और गैस की शिकायत हो सकती है। भोजन बनाने और खाने से पूर्व अच्छी तरह हाथों को धो लें। खाना खाते समय ध्यान दें कि खाना हाथों से न खा कर चम्मच की सहायता से खाएं। खाना खाते समय उंगलियां न चाटें। खाना खाने के बाद भी हाथों को अच्छी तरह से धोएं।