नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रख्यात समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन समानता, न्याय और शिक्षा के आदर्शों के लिए समर्पित था।
फुले का जन्म 11 अप्रैल, 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था और उनका निधन 28 नवंबर, 1890 को हुआ।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “महान समाज सुधारक महात्मा फुले के 200वीं जयंती वर्ष के समारोहों का आरंभ हो रहा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा, ज्ञान और जन कल्याण को समर्पित कर दिया।”
उन्होंने लिखा, “वे महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की वकालत करने में अग्रणी थे।”
प्रधानमंत्री ने लिखा, “उनके विचार सामाजिक प्रगति की दिशा में सभी का मार्गदर्शन करते रहें।”
उन्होंने कहा कि फुले के प्रयासों से शिक्षा सशक्तीकरण का एक शक्तिशाली माध्यम बनी।