तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : उदयनिधि स्टालिन ने चेन्नई में किया रोड शो

0
asdfrewsaasderews

चेन्नई, 10 अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन ने शुक्रवार को चेन्नई के चेपक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया। वह दूसरी बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

तमिलनाडु में द्रमुक-नीत धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि वह खुद उम्मीदवार होने के बावजूद पूरे राज्य में गठबंधन के लिए वोट मांग रहे हैं, ताकि राज्य में “द्रविड़ मॉडल 2.0” सरकार का गठन सुनिश्चित हो सके।

उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा, ‘‘ क्या आपको पता है कि मैं भी चुनाव लड़ रहा हूं? मैंने अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार नहीं किया है। हमारे उम्मीदवारों को विधानसभा भेजना, मेरी जीत सुनिश्चित करने जैसा है।’’

उन्होंने शुक्रवार को चेपक-थिरुवल्लिकेनी में रोड शो किया। यह वही सीट है जहां से उनके दादा एवं पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने 1996, 2001 और 2006 में लगातार तीन बार जीत हासिल की थी।

उदयनिधि के 2021 में चुनाव जीतने से पहले, द्रमुक के जे. अंबालगन ने 2011 और 2016 में इस सीट से जीत दर्ज की थी।

द्रमुक के युवा प्रकोष्ठ के सचिव ने चेपक में घर-घर जाकर प्रचार भी किया और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यदि राज्य की जनता द्रमुक को लगातार दूसरी बार सत्ता में लाती है, तो और अधिक विकास संभव होगा।

बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उदयनिधि ने कहा, ‘‘ हमने मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के नेतृत्व में द्रविड़ मॉडल सरकार के पांच वर्षों के दौरान ईसाइयों सहित अल्पसंख्यकों के लिए लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपने अध्यक्ष (एम.के. स्टालिन) के नेतृत्व में तमिलनाडु और अल्पसंख्यकों को धार्मिक फासीवादी ताकतों से मजबूती से बचाएंगे। फासीवाद खत्म हो और धर्मनिरपेक्ष एकता मजबूत हो।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *