नायडू ने गांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपये का दान देने वाले दानकर्ता को धन्यवाद दिया

0
aasder3eww

अमरावती, 10 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ‘गरीबी उन्मूलन योजना पी4’ के तहत बापटला जिले में अपने पैतृक गांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपये का योगदान देने वाले दानकर्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।

नायडू ने पिछले वर्ष अमरावती में ‘पी4 मार्गदर्शी – बंगारू कुटुंबम’ कार्यक्रम शुरू किया था, जिसका उद्देश्य समाज के शीर्ष 10 प्रतिशत लोगों को निचले 20 प्रतिशत वर्ग के लोगों का मार्गदर्शन और सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है ताकि वे गरीबी रेखा से बाहर निकल सकें।

मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार रात सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मैं गुंड्रेड्डी सत्यनारायण गारू द्वारा पी4 योजना के तहत अपने पैतृक गांव यजिली के विकास के लिए दिए गए एक करोड़ रुपये के दान की सराहना करता हूं और उनका आभारी हूं।”

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए उनका निस्वार्थ योगदान बेहद प्रेरणादायक है और सभी के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

नायडू ने कहा, “हम मिलकर राज्य का निर्माण कर रहे हैं और समाज को वापस देने के ऐसे प्रयास सामुदायिक विकास के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।”

मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि इस तरह के प्रयास सभी के लिए एक मजबूत और बेहतर भविष्य गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *