भारतीय महिला व्हीलचेयर 3×3 बास्केटबॉल टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया

0
wheelchair-basketball_medium_1057_15

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) भारत की 3×3 महिला व्हीलचेयर बास्केटबॉल टीम ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल प्रतियोगिता 24 से 29 जुलाई तक स्कॉटिश इवेंट कैंपस में खेली जाएगी।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ एशिया ओशिनिया क्वालीफायर के के जरिए क्वालीफाई किया है। इसमें केवल इन दोनों टीम ने ही हिस्सा लिया था और उन्होंने क्रमशः एशिया और ओशिनिया का प्रतिनिधित्व करते हुए क्वालीफाई किया।

हालांकि पुरुष टीम इसी प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहने के कारण क्वालीफाई नहीं कर सकी।

अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल महासंघ (आईडब्ल्यूबीएफ) ने कहा, ‘‘पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं में अंतिम दो स्थान का फैसला वाइल्डकार्ड से किया जाएगा जिसमें क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, पिछले प्रदर्शन और विकास कार्यक्रमों में भागीदारी आदि को मुख्य आधार माना जाएगा।’’

ऑस्ट्रेलिया ने अजेय रहते हुए पुरुषों की तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि मलेशिया ने दूसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई किया।

अब तक क्वालीफाई कर चुकी महिला टीमों में मेजबान स्कॉटलैंड, अफ्रीका से नाइजीरिया, एशिया से भारत, ओशिनिया से ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका से कनाडा और यूरोप से इंग्लैंड शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *