ईरान का प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ वार्ता के लिए बृहस्पतिवार को इस्लामाबाद पहुंचेगा

0
089cbfa0-331b-11f1-89be-ff1db6c3a1e6.jpg

इस्लामाबाद, नौ अप्रैल (भाषा) अविश्वास के माहौल के बीच ईरान ने पुष्टि की है कि उसका 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका और इजराइल के साथ जारी विवाद के समाधान के लिए प्रस्तावित वार्ता में भाग लेने के वास्ते बृहस्पतिवार को पाकिस्तान पहुंचेगा।

दो सप्ताह के युद्ध-विराम के कुछ ही दिनों बाद यह अहम वार्ता शुक्रवार को इस्लामाबाद में प्रस्तावित है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि उन्होंने पाकिस्तान के प्रस्ताव पर ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्ध-विराम पर सहमति जताई है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार यानी 10 अप्रैल को इस्लामाबाद आमंत्रित किया है, ताकि सभी विवादों के समाधान के लिए आगे की बातचीत की जा सके।

पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रजा अमीरी मोघदम ने अपने देश के प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी की पुष्टि करते हुए कहा कि इजराइल द्वारा कथित युद्ध-विराम उल्लंघनों के कारण ईरानी जनमत में शांति वार्ता को लेकर संदेह बना हुआ है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “इजराइल की सरकार द्वारा बार-बार युद्ध-विराम उल्लंघन और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से आमंत्रित कूटनीतिक पहल को विफल करने के प्रयासों के बावजूद, ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज रात इस्लामाबाद पहुंच रहा है और ईरान के 10 बिंदुओं के प्रस्ताव के आधार पर गंभीर वार्ता करेगा।”

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के भी इस्लामाबाद पहुंचने की संभावना है, हालांकि उनके आगमन का समय घोषित नहीं किया गया है। वार्ता के लिए केवल शुक्रवार का दिन निर्धारित किया गया है। उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर सकते हैं।

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त रूप से हमला किया था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई शीर्ष कमांडरों की मौत हो गई थी। इसके जवाब में ईरान की कार्रवाई से संघर्ष पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया।

मोघदम ने एक अन्य बयान में कहा कि ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने युद्ध समाप्त करने, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा को मजबूत करने और युद्धविराम को लागू कराने के लिए पाकिस्तान की रचनात्मक और जिम्मेदार भूमिका की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *