दिल्ली में रात भर बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई, एक्यूआई ‘संतोषजनक’ हुआ

0
delhi-weather-pti_vb_66

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) दिल्ली में रात भर हुई बारिश और गरज के साथ हुई बौछारों के कारण बुधवार को तापमान में काफी गिरावट आई और वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ।

बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के शुरुआती दिनों के लिए गर्मी में उल्लेखनीय गिरावट दर्शाता है।

सफदरजंग में स्थित शहर के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र ने सुबह 8:30 बजे तक, बीते 24 घंटों में 6.4 मिमी बारिश दर्ज की। चार अप्रैल 2023 को 16.3 मिमी बारिश दर्ज की गई थी जिसके बाद इस साल इतनी बारिश दर्ज की गई है।

अन्य निगरानी केंद्रों में पालम में 4.4 मिमी, लोधी रोड में 5.6 मिमी और रिज में 3.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। आयानगर में 14.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सभी निगरानी केंद्र में सबसे अधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से व्यापक बादल छा गए हैं और वर्षा हो रही है।

विभिन्न निगरानी केंद्र पर न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस घटकर 16.8 डिग्री सेल्सियस हो गया; पालम में 4.1 डिग्री सेल्सियस घटकर 15.5 डिग्री सेल्सियस हो गया; लोधी रोड में 2.4 डिग्री सेल्सियस घटकर 16.2 डिग्री सेल्सियस हो गया; रिज में 1.9 डिग्री सेल्सियस घटकर 15.3 डिग्री सेल्सियस हो गया; और आयानगर में 1.7 डिग्री सेल्सियस घटकर 16.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।

वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 82 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई “अच्छा”, 51-100 “संतोषजनक”, 101-200 “मध्यम”, 201-300 “खराब”, 301-400 “बहुत खराब” और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को “गंभीर” माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *