छुपा सकती हैं आप भी अपनी उम्र

0
womens-should-learn-these-special-things

आयु बढ़ने के साथ हमारी त्वचा के आकर्षण में कमी आ जाती है। त्वचा का कसाव कम हो जाता है और त्वचा की तैलीय व स्वेदग्रंथियां कम कार्य करने लगती हैं जिससे त्वचा में रूखापन व पतलापन आ जाता है। त्वचा के नीचे की चर्बी सिकुड़ जाती है और त्वचा के मृत सेल ऊपर आ जाते हैं। परिणामस्वरूप त्वचा में जगह जगह पर झुर्रियां पड़ जाती हैं और मनुष्य की आयु अधिक दिखाई देने लगती है जबकि युवावस्था में प्रायः त्वचा में चमक व कसाव रहता है।
आइए देखें कि त्वचा में कसाव व चमक बनाए रखने के लिए हम क्या कर सकते हैं।
 त्वचा के स्वास्थ्य के लिए नींद बहुत आवश्यक है। रात में पूरी नींद सोइए और यदि संभव हो तो दिन में भोजन के पश्चात् हल्की नींद ले लें। धूप, सिगरेट का धुंआ और कारों का धुआं त्वचा के लिए बहुत खतरनाक है अतः धूप में बाहर निकलें तो अपने चेहरे को ढकने हेतु कैप, छाता और धूप का चश्मा साथ रख लें जिससे चेहरे पर सीधी धूप न पड़े।
 धूप में बाहर निकलते समय चेहरे पर सनस्क्रीन लोशन लगाकर ही निकलें।
 चेहरे पर हर सप्ताह  फेशियल करते रहें ताकि चेहरे के नीचे खून का दौरा बढ़े और त्वचा के मृत सेल बाहर निकल जाएं। यदि फेशियल नियमित न कर पाएं तो सप्ताह में दो बार चेहरे पर भाप ले लिया करें जिससे त्वचा के बंद पोर खुल जाएं।
 धूम्रपान त्वचा का बहुत बड़ा दुश्मन है। निकोटीन से त्वचा में आक्सीजन की कमी हो जाती है जिससे त्वचा में झुर्रियां पड़ जाती हैं व त्वचा लटक जाती है।
 मद्यपान भी त्वचा के लिए हानिकारक है। इससे शरीर में विटामिन बी और सी की कमी हो जाती है जिससे त्वचा में दाग धब्बे हो जाते हैं।
 सख्त डायटिंग आपकी त्वचा के लिए सबसे बड़ा खतरा है। वजन कम करना हो तो संतुलित आहार द्वारा धीरे धीरे ही वजन कम करें। अपने भोजन में फलों व सब्जियों को विशेष स्थान दें।
 चीनी के स्थान पर शहद का प्रयोग फायदेमंद होता है।
 दिन में कम से कम दस गिलास पानी अवश्य पिएं। इससे त्वचा में ताजगी बनी रहती है।
 हल्के व्यायाम से भी त्वचा में खिंचाव बना रहता है और त्वचा लटकती नहीं।
बाल
बाल हमारे व्यक्तित्व के आकर्षण का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा हैं। 30 वर्ष की आयु के पश्चात् महिलाओं के बाल प्रायः गिरने लगते हैं और आयु के चौथे दशक में काफी कम हो जाते हैं और उनकी चमक भी प्रायः कम हो जाती है। रजोनिवृत्ति के समय भी बाल गिरते हैं किंतु औरतें प्रायः गंजी नहीं होती।
महिलाओं की सबसे बड़ी समस्या सफेद बालों की होती है। मेंहदी से भी यह समस्या पूरी तरह हल नहीं हो  पाती। संभवतः डाई के प्रयोग द्वारा ही इस समस्या को हल किया जा सकता है किंतु डाई का प्रयोग बहुत सावधानीपूर्वक किया जाना चाहिए। यह सिद्ध हो चुका है कि डाई से कैंसर नहीं होता। डाई का प्रयोग करने से यह लाभ भी होता है कि बाल घने लगते हैं।
शरीर की देखभाल
आयु बढ़ने के साथ स्तनों में कसाव कम हो जाता है और वे लटकने लगते हैं। इससे बचाव के लिए अच्छी फिटिंग वाली ब्रा अवश्य पहनें। जिनके स्तन लटक गए हैं वे सोते हुए भी ब्रा पहनें। पेट के बल न सोएं और आगे झुककर न बैठा करें। कास्मेटिक सर्जरी द्वारा ढीले और लटके हुए स्तनों को ठीक किया जा सकता है।
यदि पेट के इर्दगिर्द चर्बी के टायर जमा हो गए हों तेा पेट को हमेशा अंदर खींचकर रखें। यदि पेट का कोई व्यायाम कर सकें तो बेहतर होगा। फल और सब्जियां अधिक खाएं व पानी अधिक पिएं।
यदि आप अपने शरीर के रख-रखाव की ओर नियमित ध्यान दें तो आप अपनी आयु से कम लग सकती हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *