दिल्ली विधानसभा समेत कई इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच जारी

0
wde4red

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली विधानसभा समेत कई सरकारी कार्यालयों को बृहस्पतिवार को बम से उड़ाने की धमकी संबंधी ईमेल मिले जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक सुरक्षा जांच शुरू की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह ईमेल सुबह 8.14 बजे विधानसभा और दिल्ली सरकार के कार्यालयों से जुड़ी ईमेल आईडी सहित कई आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए। इसमें दिन में अलग-अलग समय पर विधानसभा, सचिवालय, कुछ स्कूलों और एक मेट्रो स्टेशन पर संभावित विस्फोटों का जिक्र किया गया था।

दिल्ली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए, बम निरोधक दस्तों और खोजी कुत्तों की इकाइयों के साथ मिलकर विधानसभा परिसर, सचिवालय, चिह्नित स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों पर व्यापक जांच शुरू की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “ईमेल फर्जी प्रतीत होता है, लेकिन जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।”

पुलिस ने बताया कि ईमेल में उल्लिखित सभी स्थानों की जांच की जा रही है, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है और प्रवेश और निकास स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

ईमेल के स्रोत का पता लगाने और प्रेषक की पहचान के लिए साइबर टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *