दिल्ली में सुबह मौसम रहा सुहावना, वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज

0
navjivanindia_2024-10-27_oeo2k63w_Delhi-pollution

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) दिल्लीवासियों की सोमवार सुबह की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हुई और न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री कम दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, लोधी रोड में शहर का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। इसके बाद आयानगर में सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम 16.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में 17.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

पालम और रिज में क्रमशः 17.9 और 17.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में इन पांचों केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं की गई और दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।

अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी रही, जहां औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 123 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *