नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि उनका मुख्य उद्देश्य संविधान को खत्म करना है क्योंकि वे नहीं चाहते कि भारत में सभी को समान माना जाए।
गांधी ने ये टिप्पणियां 14 अप्रैल को भीमराव आंबेडकर की जयंती से पहले यहां ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कॉन्स्टीट्यूशन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाने से पहले कीं।
उन्होंने मंडी हाउस से मैराथन शुरू होने से पहले एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आंबेडकर जी का मुख्य संदेश संविधान का था। संविधान के बिना जिसे हम भारत कहते हैं, वह नहीं होता। आज जो लोग आरएसएस-भाजपा की सोच के हैं, वे संविधान को खत्म करना चाहते हैं। वे कुछ भी कहें, उनका असली उद्देश्य संविधान को मिटाना है क्योंकि वे नहीं चाहते कि भारत में सभी को समान माना जाए।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘वे (आरएसएस-भाजपा) चाहे जो करें, वे आंबेडकर जी की प्रतिमा के सामने सिर भी झुकाते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य संविधान को खत्म करना है। हमारा उद्देश्य संविधान की रक्षा करना और उसे मजबूत करना है।’’
नीले रंग की टी-शर्ट पहने राहुल ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि संविधान की भावना और उसकी रक्षा का संदेश देश के हर कोने तक पहुंचे और इसी वजह से हमने ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कॉन्स्टीट्यूशन’ का आयोजन किया है।’’
बाद में फेसबुक पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने मंडी हाउस से कांग्रेस की अनुसूचित जाति (एसटी) इकाई द्वारा आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
गांधी ने कहा, ‘‘यह दौड़ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के आदर्शों और भारत के संविधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज जब संवैधानिक मूल्यों पर हमला हो रहा है, हमें एकजुट होकर हर अन्याय और भेदभाव के खिलाफ उसी संकल्प के साथ लड़ना होगा, जैसा बाबा साहेब ने दिखाया था। जय भीम, जय संविधान, जय हिंद।’’
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एससी और ओबीसी विभागों ने शनिवार को लखनऊ स्थित इंदिरा भवन में ज्योतिबा राव फुले की जयंती भी मनाई।
आंबेडकर जयंती हर साल 14 अप्रैल को मनाई जाती है, जो भारतीय संविधान के शिल्पकार और सामाजिक समानता के समर्थक भीमराव आंबेडकर की जयंती है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी इस कार्यक्रम में भाग लेकर मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
अजहरुद्दीन ने कांग्रेस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि यह अभियान पूरे भारत में हो, क्योंकि ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कॉन्स्टीट्यूशन’ एक बहुत अच्छी पहल है, इसे बनाए रखना और आगे बढ़ाना चाहिए।’’
उन्होंने देश में एकता की अपील करते हुए कहा कि देश की प्रगति केवल आपसी एकजुटता से ही संभव है।