पाइपर सेरिका ने 33 स्टार्टअप में 210 करोड़ रुपये निवेश किए

0
sdfr2wswq

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) मुंबई स्थित परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी पाइपर सेरिका ने अपने श्रेणी-1 वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) के माध्यम से 33 से अधिक स्टार्टअप में करीब 210 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि कुल 273 करोड़ रुपये के कोष में से शेष 63 करोड़ रुपये अगले दो से तीन महीने में निवेश किए जाने की उम्मीद है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) पंजीकृत यह कोष उच्च वृद्धि वाले क्षेत्रों जैसे गहन प्रौद्योगिकी (डीपटेक), वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक), कृत्रिम मेधा (एआई), अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रक्षा, सेमीकंडक्टर और बायोसाइंसेज में शुरुआती चरण की प्रौद्योगिकी-आधारित कंपनियों पर केंद्रित है।

इसके वर्तमान खंड में ऑल्ट मोबिलिटी, सेंससेमी, पैंथरन, फ्रीड, कोराटिया टेक्नोलॉजीज और सिक्स सेंस मोबिलिटी और जैसे स्टार्टअप शामिल हैं।

पाइपर सेरिका के निदेशक अजय मोदी ने कहा कि भारत इस समय उपभोग-आधारित वृद्धि से क्षमता-आधारित वृद्धि की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की प्रक्रियाधीन रक्षा खरीद, 10 अरब डॉलर का सेमीकंडक्टर मिशन और विनियमन-मुक्त अंतरिक्ष क्षेत्र टिकाऊ औद्योगिक मांग उत्पन्न कर रहे हैं। आज संस्थापक बौद्धिक संपदा और इंजीनियरिंग क्षमता के साथ मजबूत वितरण पर ध्यान केंद्रित करते हुए निर्माण कर रहे हैं।’’

मोदी ने कहा कि कोष का खंड विविधीकरण के बजाय सोच-समझकर एक विशेष क्षेत्र पर केंद्रित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *