असम में लोग फासीवादी सरकार से लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान कर रहे: अखिल गोगोई

0
asxdfewqsdw

शिवसागर, नौ अप्रैल (भाषा) रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि असम की जनता “फासीवादी भाजपा सरकार” से लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान कर रही है।

शिवसागर सीट से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे गोगोई ने दावा किया कि राज्य के लोग सरकार बदलने के लिए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर आ रहे हैं।

उन्होंने अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया, “हम एक अलोकतांत्रिक सरकार का सामना कर रहे हैं। यह एक फासीवादी सरकार है। मुख्यमंत्री फासीवादी हैं।”

उन्होंने दावा किया, “भाजपा ने अपने कार्यकाल में कई गलत काम किए हैं। इस बार विपक्ष आसानी से जीत हासिल करेगा और सरकार बनाएगा।”

रायजोर दल के प्रमुख ने दावा किया कि वह शिवसागर सीट 50,000 से अधिक वोटों से जीतेंगे।

गोगोई का राजग के दो अन्य उम्मीदवारों के साथ त्रिकोणीय मुकाबला है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व विधायक कुशल डोवारी को मैदान में उतारा है, जबकि उसके सहयोगी दल ने शिवसागर से अमगुरी विधायक प्रदीप हजारिका को नामित किया है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जिसमें 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।

इस बहुचर्चित चुनाव में, सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर चल रहा है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गुट 2016 में सत्ता से बेदखल होने के बाद एक बार फिर सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *