पार्टी कार्यकर्ता और नेता ‘2047 तक विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लें : भाजपा अध्यक्ष नवीन

0
r455rew34

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा)भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से देशवासियों को पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जोड़ने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया।

नवीन ने भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के ‘‘समर्पण और बलिदान’’ से प्रेरणा लेकर पार्टी के प्रभाव को और अधिक बढ़ाएं, जिन्होंने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने में योगदान दिया।

उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम जश्न मना रहे हैं, लेकिन यह संकल्प लेने का भी अवसर है। आइए 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ें और पंचायत से लेकर संसद तक भगवा झंडा लहराने के सपने को साकार करें।’’

नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की और पार्टी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को दोहराया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मैं आप सभी के साथ पार्टी का स्थापना दिवस मना रहा हूं। यह केवल उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि हम सभी के लिए संकल्प का क्षण भी है।’’

नवीन ने पार्टी के पूर्व अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की पुरानी पीढ़ियों को नमन करते हुए कहा कि भाजपा का विकास दशकों से चले आ रहे सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं और उस दौर के सभी कार्यकर्ताओं को सलाम करता हूं, जिन्होंने पार्टी को मजबूत किया और उसे आज इस मुकाम तक पहुंचाया।’’

पार्टी की वैचारिक जड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी, लेकिन इसके मार्गदर्शक सिद्धांत भारतीय जनसंघ से जुड़े हुए हैं।

नवीन ने कहा, ‘‘जनसंघ के दिनों से लेकर अब तक हमारे वरिष्ठ नेताओं ने जिन विचारों और राष्ट्रवाद के साथ काम किया है, वे आज भी हमें प्रेरित करते हैं।’’

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा कि इसने पार्टी के संघर्षों पर एक प्रतिबिंब और भविष्य के लिए एक खाका दोनों प्रदान किए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने हमें हमारे इतिहास, हमारे संघर्षों की याद दिलाई और साथ ही आगे का रास्ता भी दिखाया।’’

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *