लॉस एंजिलिस, आठ अप्रैल (एपी) ऑस्कर का आयोजन करने वाली संस्था ने एबीसी पर प्रसारित होने वाले अपने अंतिम दो शो की तारीखें तय कर दी हैं, जिनमें 100वां अकादमी पुरस्कार समारोह भी शामिल है।
एकेडेमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज और एबीसी ने मंगलवार को घोषणा की कि 99वां ऑस्कर समारोह 14 मार्च, 2027 को और 100वां समारोह पांच मार्च, 2028 को आयोजित किया जाएगा।
ये समारोह लंबे समय से अपने मूल नेटवर्क पर प्रसारित होने वाले अंतिम समारोह होंगे। इसके बाद साल 2029 से सभी शो यूट्यूब पर स्थानांतरित हो जाएंगे, और ये दोनों समारोह हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में आयोजित होने वाले भी अंतिम समारोह होंगे।
एकेडेमी ने हाल में घोषणा की है कि एईजी कंपनी के साथ 10 साल के समझौते के तहत, शो का नया आयोजन स्थल लॉस एंजिलिस के डाउनटाउन में पीकॉक थिएटर होगा।
एबीसी और फिल्म एकेडेमी इस शो का प्रसारण पहले की तरह ही शाम सात बजे ईस्टर्न/शाम चार बजे पैसिफिक समय पर जारी रखेंगे।
पिछले महीने हुए 98वें ऑस्कर समारोह की रेटिंग में कई वर्षों की लगातार वृद्धि के बाद नौ प्रतिशत की गिरावट देखी गई।