मुंबई, तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार तथा उनके बेटे पार्थ पवार ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल से उनके आवास पर मुलाकात की। पार्टी के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बैठक बृहस्पतिवार रात को हुई।
यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्थ पवार ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे को निशाना बनाने वाली उन खबरों को “बेबुनियाद और अटकलबाजी” करार दिया, जिनमें कहा गया था कि 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु के बाद उन्होंने पार्टी पर कब्जा करने की कोशिश की थी।
पार्थ का यह बयान उन अटकलों के बीच आया है कि पटेल और तटकरे से सुनेत्रा पवार नाराज हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने पिछले सप्ताह दावा किया था कि सुनेत्रा पवार ने 10 मार्च को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर पार्टी अध्यक्ष के रूप में अपनी नियुक्ति के बारे में सूचित किया था और कहा था कि उनके पति अजित पवार की मृत्यु के बाद पार्टी से प्राप्त किसी भी पूर्व संदेश को नजरअंदाज कर दिया जाना चाहिए।
राजनीतिक गलियारों में कहा जा रहा था कि निर्वाचन आयोग को भेजे गए एक पत्र के संबंध में पटेल और तटकरे द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से सुनेत्रा पवार संतुष्ट नहीं थीं।
रोहित पवार ने दावा किया कि पटेल और तटकरे ने 16 फरवरी को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर सूचित किया था कि पार्टी के संविधान में संशोधन किया गया है और सभी शक्तियां कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल को दे दी गई हैं। रोहित पवार ने आरोप लगाया कि पटेल और तटकरे पार्टी पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
राकांपा प्रवक्ता आनंद परांजपे ने कहा कि सुनेत्रा पवार, पार्थ ने बृहस्पतिवार रात राष्ट्रीय राजधानी में पटेल से मुलाकात की।