मोदी, हिमंत ने आदिवासियों के विकास के लिए रोडमैप तैयार किया : अमित शाह

0
PTI03-28-2025-000444B-0_1743235266754_1743235309129

दुधनोई (असम), तीन अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने आदिवासियों के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने इस रोडमैप को लागू करने के लिए राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

गोलपाड़ा जिले के दुधनोई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति नहीं बनाया, लेकिन मोदी ने इसे बदल दिया और द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनीं।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री और असम के मुख्यमंत्री ने आदिवासियों के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया है… इसे आगे बढ़ाने और लागू करने के लिए भाजपा को वोट दें।”

शाह ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के दायरे में नहीं आएंगे।

असम से सटी मेघालय की गारो पहाड़ियों में हाल ही में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि घुसपैठियों ने आदिवासी महिलाओं से शादी करके गारो परिषद में सत्ता हथियाने की कोशिश की और इसी वजह से यह संघर्ष शुरू हुआ।

उन्होंने कहा, “हमें असम में पांच साल और सरकार चलाने का मौका दीजिए। हम राज्य को घुसपैठियों से मुक्त करा देंगे और उन्हें वापस भेज देंगे।”

शाह ने कहा कि भाजपा ने असम में शांति बहाल कर दी है, लेकिन अगर कांग्रेस नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतती है, तो पूर्वोत्तर राज्य को एक बार फिर अस्थिरता का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *