ब्यूनस आयर्स, एक अप्रैल (एपी) अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम की तरफ से घरेलू मैदान पर संभवतः अपने आखिरी मैच में लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप फुटबॉल से पहले खेले गए मैत्री मैच में मंगलवार को यहां जाम्बिया के खिलाफ अपनी टीम की 5-0 से शानदार जीत में एक गोल किया और एक गोल करने में मदद की।
ब्यूनस आयर्स के ला बोम्बोनेरा स्टेडियम में 38 वर्षीय मेस्सी ने चौथे मिनट में जूलियन अल्वारेज़ को गोल करने में मदद की और फिर 43वें मिनट में गोल किया।
दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया और उनसे अर्जेंटीना को एक और विश्व कप जिताने में मदद करने की अपील लगाई। विश्व कप 11 जून से अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा।
अर्जेंटीना के लिए निकोलस ओटामेंडी और वैलेन्टिन बारको ने भी गोल किये।
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने 1978 और 1986 में भी विश्व कप जीता था। वह ग्रुप जे में 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा, जिसके बाद वह 22 जून को ऑस्ट्रिया और 27 जून को जॉर्डन से भिड़ेगा।