बीते सप्ताह प.एशिया युद्ध के कारण बाजार में उथल-पुथल के बीच तेल-तिलहनों के दाम में गिरावट

0
oil-til

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में टकराव के कारण बाजार में उथल-पुथल की स्थिति के बीच देश के तेल-तिलहन बाजारों में बीते सप्ताह अधिकांश तेल-तिलहनों के भाव गिरावट दर्शाते बंद हुए। सप्ताह के दौरान सरसों, सोयाबीन एवं मूंगफली तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल की कीमतों में गिरावट रही। केवल सोयाबीन दाना (तिलहन) के दाम स्थिर दिखे।

बाजार सूत्रों ने कहा कि बीते सप्ताह विदेशी बाजारों में भी गिरावट रही जिसका देश में तेल-तिलहन के कारोबार पर असर देखने को मिला। सरसों की अच्छी पैदावार भी है मगर इसके बावजूद बाजार में इस बार दाम बहुत टूटे नहीं क्योंकि किसान रोक-रोक कर अपना माल बाजार में ला रहे हैं। किसानों को अच्छे दाम भी मिल रहे हैं और उपभोक्ताओं को आयातित तेलों के मुकाबले सरसों तेल 18-20 रुपये रुपये किलो सस्ता भी मिल रहा है। सरकार को सरसों का स्टॉक बनाने की ओर ध्यान देना होगा।

उन्होंने कहा कि आयात की कमी के बीच सरसों से रिफाइंड भी बनाया जा रहा है। इससे किसानों को सरसों की पैदावार बढ़ाने की प्रेरणा भी मिल रही है। किसानों को उनकी फसल के अच्छे दाम मिलें तो वे खुद ब खुद पैदावार बढ़ाने की क्षमता रखते हैं। बाजार में और सरकार की नीतियों में केवल स्थिरता बनाये रखने की आवश्यकता है।

सूत्रों ने कहा कि सोयाबीन की आवक कम है। बीते सप्ताह विदेशों में बाजार टूटे हैं और पश्चिम एशिया युद्ध की वजह से बाजार में उथल-पुथल की भी स्थिति है। इस बीच, सोयाबीन तेल-तिलहन, सीपीओ एवं पामोलीन जैसे आयातित तेल के दामों में भी गिरावट देखी गई।

उन्होंने कहा कि ऊंचे दाम पर कमजोर लिवाली के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम भी बीते सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशों में गिरावट के असर से बिनौला तेल के दाम में भी बीते सप्ताह गिरावट देखी गई।

सूत्रों ने बताया कि बीते सप्ताह सरसों दाना 25 रुपये की गिरावट के साथ 6,900-6,925 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। दादरी मंडी में बिकने वाला सरसों तेल 225 रुपये की गिरावट के साथ 14,500 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों पक्की और कच्ची घानी तेल का भाव क्रमश: 25-25 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 2,415-2,515 रुपये और 2,415-2,560 रुपये टिन (15 किलो) पर बंद हुआ।

समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन दाना स्थिर रहा जबकि सोयाबीन लूज का थोक भाव 25 रुपये की गिरावट के साथ 5,450-5,525 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

इसी प्रकार, दिल्ली में सोयाबीन तेल 425 रुपये की गिरावट के साथ 16,400 रुपये प्रति क्विंटल, इंदौर में सोयाबीन तेल 275 रुपये की गिरावट के साथ 15,950 रुपये और सोयाबीन डीगम तेल का दाम 175 रुपये की गिरावट के साथ 13,300 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

मूंगफली तिलहन का दाम 250 रुपये की गिरावट के साथ 7,050-7,525 रुपये क्विंटल, मूंगफली तेल गुजरात 650 रुपये की गिरावट के साथ 17,000 रुपये क्विंटल और मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 100 रुपये की गिरावट के साथ 2,685-2,985 रुपये प्रति टिन पर बंद हुआ।

समीक्षाधीन सप्ताह में सीपीओ तेल का दाम 375 रुपये की गिरावट के साथ 13,350 रुपये प्रति क्विंटल, पामोलीन दिल्ली का भाव 275 रुपये टूटकर 15,400 रुपये प्रति क्विंटल तथा पामोलीन एक्स कांडला तेल का भाव भी 425 रुपये की गिरावट के साथ 14,200 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

गिरावट के आम रुख के अनुरूप, बिनौला तेल का दाम 350 रुपये के नुकसान के साथ 15,100 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *