हरियाणा के मुख्यमंत्री ने जींद में 253 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत की

0
swr46r

चंडीगढ़,  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जींद को हरियाणा की ‘धड़कन’ बताते हुए इस जिले में सिंचाई, सड़क अवसंरचना, स्वास्थ्य और जलापूर्ति से जुड़ी 253 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सैनी ने 140 करोड़ रुपये से अधिक की 12 परियोजनाओं की आधारशिला रखी और 112 करोड़ रुपये से अधिक की संयुक्त लागत वाली तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

बयान के मुताबिक, लोकार्पण की गई परियोजनाओं में जींद नहर संख्या- 4 का पुनर्निर्माण शामिल है, जिसे सिंचाई और जल संसाधन विभाग ने 16.28 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया है।

उद्घाटन की गई अन्य परियोजनाओं में ग्राम स्तर पर आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, सौर ऊर्जा संचालित सिंचाई सुविधाएं और इंतल खुर्द गांव में जल भंडारण के लिए 56.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक जलाशय शामिल हैं।

सैनी ने जींद में एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने घोषणा की कि हरियाणा में योजनाबद्ध 10 नए ‘इंडस्ट्रीयल मॉडल टाउनशिप’ (आईएमटी) में से एक जिले में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए जींद को हरियाणा की धड़कन बताया और कहा कि यह क्षेत्र किसानों की कड़ी मेहनत को दर्शाता है, जिनके प्रयासों से देश के अन्न भंडार भरते हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सत्ता में रहते हुए सिर्फ वोट लेने और लोगों का शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए विपक्ष ने जींद की उपेक्षा की।

सैनी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें ‘‘वंशवादी राजनीति’’ में ही उलझी रहीं और आम नागरिकों की आकांक्षाओं को प्राथमिकता देने में विफल रहीं। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने अपने परिवारों का भविष्य सुरक्षित किया, लेकिन आपके परिवार की अनदेखी की। हमने इस क्षेत्र को उसका हक सूद समेत वापस दिलाने के लिए काम किया है।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगातार तीसरे कार्यकाल को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने कहा कि जनादेश प्रभावी शासन के लिए जनता की अपेक्षाओं को दर्शाता है।

सैनी ने बताया कि भाजपा ने 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान 217 वादे किए थे, जिनमें से 60 वादे डेढ़ साल के भीतर पूरे हो चुके हैं, जबकि 157 अन्य वादों पर काम जारी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय मिशन है जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *