जोरहाट (असम), नौ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया और कहा कि इन चुनावों के बाद शक्तिशाली, निडर, आत्मविश्वासी और नये असम का उदय होगा।
जोरहाट में डीसीबी एलपी विद्यालय पर अपनी मां डॉली के साथ मताधिकार का प्रयोग करने के बाद गोगोई ने पत्रकारों से कहा कि राज्य की नयी सरकार सभी लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करेगी।
कांग्रेस नेता ने कहा, “आज असम के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। असम के भविष्य के लिए जनता निर्णायक भूमिका निभाने जा रही है।”
उन्होंने कहा, “परिणाम घोषित होने के बाद एक शक्तिशाली, निडर, आत्मविश्वासी और नया असम उभर कर सामने आएगा। यह जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करेगा।”
इससे पहले दिन में, उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने की अपील की।
असम की सभी 126 विधानसभा सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। कुल 722 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।
इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है।
कांग्रेस नेता ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि यह असम के सभी लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है और सभी को अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करना चाहिए।
गोगोई ने असमिया में लिखा, “आज अपने वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित करने के हित में, नये असम के निर्माण के हित में, यह जरूरी है कि हम अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर मतदान करें। पहली बार मतदान करने आए सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं। जय आई असम।”
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गागोई असम के जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका सीधा मुकाबला विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हितेंद्र नाथ गोस्वामी से है।
गौरव की मां और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की पत्नी डॉली गोगोई ने कहा, “मैं जीवन भर अपने पति के साथ इसी बूथ पर आती रही। इस बार का अनुभव बिल्कुल अलग है।”
डॉली गोगोई ने कहा कि वह अपने बेटे को आशीर्वाद देने आई हैं। साथ ही उन्होंने यह उम्मीद भी जताई की गौरव गोगोई जोरहाट की जनता के समर्थन से जीत हासिल करेंगे।
जोरहाट से तीन बार सांसद रह चुके गौरव गोगोई ने कहा, “2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान मेरी मां बीमार होने और दिल्ली में होने के कारण वोट नहीं डाल पाई थीं। इस बार मैं उनके साथ वोट डालने आया हूं। पहले मैं अपने पिता के साथ आता था।”