नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) पंजाब किंग्स के आक्रामक बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने ‘इंपैक्ट सब’ नियम का पूरा समर्थन करते हुए युवा खिलाड़ियों को ‘लाइफलाइन’ और आईपीएल में चमकने का सुनहरा मौका देने के लिये इसकी तारीफ की ।
उन्होंने यह भी कहा कि वह महेंद्र सिंह धोनी की तरह विकेटकीपिंग की कोशिश करते हैं।
‘इंपैक्ट सब’ के नियम की कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने आलोचना करते हुए इसे बल्लेबाजों की ओर झुका हुआ और हरफनमौलाओं की उपयोगिता कम करने वाला बताया ।
प्रभसिमरन ने हालांकि मीडिया से बातचीत में कहा ,‘‘ मैं इस नियम को युवा खिलाड़ियों के लिये मौके के रूप में देखता हूं । कइयों को यह नियम पसंद नहीं है लेकिन अगर एक बल्लेबाज या गेंदबाज टीम में जुड़ता है तो अधिक जोखिम वाले फैसले लिये जा सकते हैं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ लेकिन युवा खिलाड़ियों के लिये यह अनमोल है । जब मैं पंजाब किंग्स से जुड़ा तो उनके साथ आठ साल रहा हूं और उनमें से चार साल मुझे ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला । अब इंपैक्ट सब नियम के कारण युवाओं को खेलने के अधिक मौके मिल रहे हैं ।’’
भारत के पास केएल राहुल, संजू सैमसन, ऋषभ पंत और ईशान किशन जैसे होनहार विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। प्रभसिमरन उनके जैसा बनने की कोशिश करते हैं या अपनी शैली पर अडिग रहते हैं , यह पूछने पर उन्होंने कहा कि वह भारत के पूर्व कप्तान धोनी का अनुसरण करते हैं ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं किसी की नकल करने की कोशिश नहीं करता । ये सभी मेरे सीनियर हैं और सभी की अपनी शैली है । मैंने माही भाई की विकेटकीपिंग देखी है । उनके हाथ बहुत तेजी से चलते हैं । मैं विकेटकीपिंग में माही भाई जैसा बनने का प्रयास करता हूं ।’’