हर नारी की चाहत होती है कि उसके बाल चमकदार, काले, घने व स्वस्थ हों। साथ ही महिलाओं का ध्यान अपनी त्वचा में निखार लाने के प्रति भी काफी होता है। अपनी त्वचा की किस्म को ध्यान में रखकर घरेलू प्रसाधनों से कम खर्च व बिना किसी हानि के त्वचा में निखार लाया जा सकता है। त्वचा व बालों को निखारने के कुछ घरेलू उपाय दिये जा रहे हैं।
अगर बाल बहुत अधिक झड़ते हों तो एक कटोरी खट्टा दही, चार चम्मच मुलतानी मिट्टी का पाउडर, चार चम्मच शिकाकाई का पाउडर, चार चम्मच त्रिफला चूर्ण, आधे नींबू का रस, इन सभी को मिलाकर रातभर के लिए रख दें। सुबह इसे बालों की जड़ों में लगाकर एक घंटे के बाद ठंडे पानी से सिर धो लें। सप्ताह में एक बार इस प्रयोग को करने से बालों का झड़ना बंद हो जाता है तथा बाल स्वस्थ और सुन्दर बनते हैं।
अगर आपकी त्वचा रूखी है तो त्वचा पर निखार लाने के लिए सप्ताह में एक या दो बार मुल्तानी मिट्टी, चन्दन पाउडर, गुलाब जल तथा थोड़ा-सा खीरे का रस व ग्लिसरीन या नारियल का पानी मिलाकर लगाइये। त्वचा कोमल, सुन्दर व गोरी हो उठेगी।
बालों में रूसी की शिकायत होने पर दही में काली मिर्च का चूर्ण मिलाकर सिर धोएं। इससे सिर की रूसी खत्म हो जाती है तथा सिर के बाल मुलायम, काले, घने एवं लंबे हो जाते हैं।
गुलाबजल में नींबू व खीरे का रस मिलाकर लगाते रहने से मुंहासे दूर होते हैं और त्वचा खिल उठती है।
बालों में चमक लाने के लिए दही में बेसन मिलाकर अच्छी तरह फेंटकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बालों की जड़ों में अच्छी तरह लगा लें। एक घंटे बाद सिर को अच्छी तरह धो लें। इस प्रयोग से बाल चमकीले व लंबे हो जाते हैं।
तैलीय त्वचा के लिए फेंटे हुए अंडे में एक चम्मच खीरे का रस व गुलाब जल मिलाकर लगाने से त्वचा पर निखार आता है।
बालों को हमेशा ढीला रखकर चोटी या जूड़ा बांधने से बाल झड़ते नहीं हैं, साथ ही उनमें जूँ भी नहीं होती।
रात को दूध में एक बादाम की गिरी भिगोकर रख दें। सुबह इसका छिलका उतारकर अच्छी तरह पीसकर उसमें एक चम्मच नींबू का रस, शहद व बेसन मिलाकर चेहरे व गर्दन पर लगाएं। सूख जाने के बाद गुनगुने पानी से चेहरे को धोने से आंखों के नीचे काले धब्बे व झुर्रियां दूर होती हैं।
महीने में एक बार मेंहदी में अंडे की जर्दी मिलाकर लगाते रहने से बालों की कंडीशनिंग हो जाती है और बाल स्वस्थ रहते हैं।
चार चम्मच चुकन्दर के रस में एक चम्मच हल्दी व चार बड़े चम्मच टमाटर का रस मिलाकर लगाने से सांवली त्वचा का रंग साफ होता है।
बालों की बाहरी सुन्दरता के लिए आंतरिक पोषण भी आवश्यक है। आन्तरिक पोषण के लिए पौष्टिक आहार के साथ ही विटामिन ई और प्रोटीन बालों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक होता है। फलों का रस, सब्जियां, फल, अंकुरित दालों का अधिक सेवन करना चाहिए।
अंडे की सफेदी में एक चम्मच दूध व एक चुटकी कपूर पाउडर मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। इसमें थोड़ी सी ग्लिसरीन मिलाकर चेहरे पर लगाते रहने से सांवली त्वचा गोरी हो जाती है।
बालों के सिरे अगर जल्दी दोमुंहे हो जाते हैं तो बालों की थोड़े-थोड़े समय के अंतराल पर ट्रिमिंग करवाते रहने से बालों का दोमुंहा होना बंद हो जाता है।
आधा चम्मच जैतून के तेल में आधा चम्मच शहद तथा मुलतानी मिट्टी मिलाकर चेहरे पर लगाएं। सूख जाने पर ठंडे पानी से चेहरा धो लें। इससे शुष्क त्वचा में चमक आती है।
साबुन या शैम्पू से बाल धोने के बाद साफ पानी में एक चम्मच सिरका डालकर फिर से बालों को धो लें। इससे साबुन या शैम्पू का कुप्रभाव नष्ट हो जाता है और बाल मुलायम और चमकदार हो जाते हैं।
आधे चम्मच संतरे के रस में एक चम्मच मुलतानी मिट्टी मिलाकर चेहरे पर लगाते रहने से तैलीय त्वचा में निखार आता है।
एक चम्मच गाजर का रस तथा एक चम्मच खीरे के रस में चार बादाम पीसकर, फेंटकर चेहरे पर लगाते रहने से चेहरे के दाग-धब्बे दूर हो जाते हैं।
बंदगोभी की पत्तियों का रस निकालकर खीरे के रस और शहद में मिलाकर चेहरे पर लगाएं। इस लेप को लगाने के लगभग बीस मिनट बाद चेहरे को पानी से अच्छी तरह धो लें। इससे चेहरे पर अद्भुत निखार आता है।
