सीएसके को अपने युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास जगाने और अच्छी कार्यशैली अपनाने की जरूरत: अश्विन

0
r-ashwin-ipl-1748351520

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) भारतीय स्पिन के दिग्गज रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में लगातार तीसरी हार झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम को अपने युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और अच्छी कार्यशैली अपनाने की जरूरत है।

सीएसके को रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों 43 रन से हार का सामना करना पड़ा। उसे अभी तक अपने तीनों मैच में हार मिली है और वह अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर है।

अश्विन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी तनावपूर्ण होगा। मुझे ठीक से नहीं पता कि शब्द कितने कठोर हो सकते हैं, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो इतनी युवा टीम के साथ आगे बढ़ने का सिर्फ एक ही रास्ता है और वह है अतीत को पीछे छोड़कर अपने खेल का स्तर ऊंचा करना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए उसे मजबूत कार्यशैली और टीम के अंदर अच्छा माहौल तैयार करना होगा। मुझे यकीन है कि आरसीबी से मिली इस करारी हार के बाद चेन्नई के ड्रेसिंग रूम में बेहद निराशा का माहौल होगा।’’

भारत के पूर्व स्पिनर ने कहा कि युवा खिलाड़ियों से जवाबदेही की उम्मीद करना उचित नहीं है।

अश्विन ने कहा, ‘‘आरसीबी के हाथों सीएसके की हार को शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है। आरसीबी और सीएसके का मुकाबला आईपीएल के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक माना जाता है।‘‘

उन्होंने कहा, ‘‘सीएसके की टीम में कुछ कमियां हैं। उसकी टीम में कई अनुभवहीन खिलाड़ी हैं। हम उनसे जवाबदेही की उम्मीद नहीं कर सकते। वे उस उम्र में हैं जहां उन्हें मैदान पर उतरकर क्रिकेट का आनंद लेना चाहिए। आप उन पर सीएसके जैसी फ्रेंचाइजी की विरासत को आगे बढ़ाने का दबाव नहीं डाल सकते।’’

इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने भारत के टी20 विश्व कप हीरो संजू सैमसन का समर्थन करते हुए कहा कि शुरुआती तीन मैचों में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बावजूद वह वापसी करने में सफल रहेंगे।

डुप्लेसी ने कहा, ‘‘अगर आप सीएसके की बल्लेबाजी पर गौर करें तो वह काफी अच्छी है। कप्तान रुतुराज गायकवाड ने हमेशा खुद को साबित किया है। संजू सैमसन एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप में अपने आलोचकों को गलत साबित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा उनके शीर्ष क्रम में आयुष म्हात्रे जैसा एक बेहद प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी है, जिसने अपने छोटे से आईपीएल करियर में अब तक असाधारण प्रदर्शन किया है। इसलिए उनके शीर्ष तीन में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें अपने कौशल का एक साथ प्रदर्शन करना होगा।’’

डुप्लेसी ने कहा, ‘‘ऐसा हो ही नहीं सकता कि संजू सैमसन टी20 विश्व कप में तो आसानी से रन बना लें, लेकिन आईपीएल में बार-बार असफल हो जाएं। आपको बस उन पर भरोसा रखना होगा और उन्हें समय देना होगा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *