गुवाहाटी, छह अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह की झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियां होने का आरोप गढ़ा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान असम चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने शर्मा की पत्नी की या उनके परिवार की दुबई में संपत्ति होने, अमेरिकी कंपनियों या मुखौटा कंपनियों में संपत्ति होने का आरोप लगाया था।
इसके एक दिन बाद यहां एक संवाददाता सम्मेलन में शर्मा ने कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो कानून के तहत दंडनीय है।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए, वे ‘‘पाकिस्तानीज इन अजमान’’ नाम के एक सोशल मीडिया समूह से लिए गए थे और उनकी तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे चिंता है कि उन्होंने पाकिस्तान की मदद ली। यह कोई साधारण धोखाधड़ी का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है।’’
शर्मा ने दावा किया कि पाकिस्तान असम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है और वहां टेलीविजन पर कम से कम 11 ‘टॉक शो’ का सामान्य मत यह था कि कांग्रेस पार्टी को जीतना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पत्नी ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि पुलिस मामला दर्ज करेगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।’’
शर्मा ने कहा कि चुनाव से पहले ऐसे आरोप लगाना नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश है, जो ‘‘अपराध है और कानून के तहत दंडनीय है।’’
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई इतने नीचे गिर सकते हैं और उनकी पत्नी के खिलाफ ऐसे झूठे आरोप लगा सकते हैं।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के तीन पासपोर्ट हैं, दुबई में दो संपत्तियां हैं और उनकी पूंजी मुखौटा कंपनियों में लगी है।