मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मी परिसर स्थित बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का किया निरीक्षण

0
sdeewdsw

पटना, एक अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना के वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) परिसर स्थित बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस संबंध में जारी एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) के दक्षता भवन के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में प्रशिक्षण ले रहे छात्रों से बातचीत की और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि छात्र मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है और बिहार के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने हिमाद्री छात्रावास का भी निरीक्षण किया तथा अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे परिसर को व्यवस्थित रखा जाए और यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *